Holi School Holiday 2026: उत्तर प्रदेश में होली की छुट्टियों को लेकर इस बार स्कूलों में कन्फ्यूजन बना हुआ है। दो मार्च को होलिका दहन और चार मार्च को होली की छुट्टी तय है, लेकिन तीन मार्च को स्कूल खुलेंगे या बंद रहेंगे इसे लेकर अभी भी साफ स्थिति नहीं है। वहीं शिक्षक संगठन लगातार इस दिन भी अवकाश घोषित करने की मांग कर रहे हैं, जिससे छात्रों और शिक्षकों दोनों के बीच असमंजस बना हुआ है।
तीन मार्च को स्कूल खुलेंगे या नहीं
प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में दो मार्च सोमवार को होलिका दहन और चार मार्च बुधवार को रंग वाली होली के कारण छुट्टी घोषित की गई है। वही 1 मार्च को रविवार होने के कारण सजनिक अवकाश रहेगा लेकिन बेसिक शिक्षा परिषद के 2026 वार्षिक कैलेंडर में तीन मार्च मंगलवार को स्कूल खुले रहने की बात लिखी गई है। इसी एक दिन को लेकर सबसे ज्यादा भ्रम की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि लगातार छुट्टियों के बीच केवल एक दिन स्कूल खोलने के फैसले से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में कन्फ्यूजन बना हुआ है और सभी की नजर अब विभाग के अंतिम निर्णय पर टिकी हुई है। फिलहाल एक दो और चार मार्च को स्कूल बंद रहेंगे अगर 3 मार्च को छुट्टी घोषित की जाती है तो होली पर लगातार चार दिन तक छुट्टियां मिलेंगी।
शिक्षक संगठनों ने जताई नाराजगी
तीन मार्च को स्कूल खोलने के फैसले पर शिक्षक संगठनों ने आपत्ति जताई है। उत्तर प्रदेश BTC शिक्षक संघ ने बेसिक शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर इस दिन भी छुट्टी घोषित करने की मांग की है। संघ का कहना है कि 28 फरवरी के बाद शिक्षण कार्य समाप्त होते ही कई शिक्षक अपने गृह जनपद चले जाते हैं, ऐसे में केवल एक दिन के लिए वापस आना मुश्किल होगा। वहीं कई जिलों में तीन मार्च को भी होली का रंग चलता रहता है, जिससे स्कूलों में उपस्थिति प्रभावित हो सकती है और पढ़ाई भी सही से नहीं हो पाएगी।
होलिका दहन की तारीख को लेकर भी भ्रम
इस साल होलिका दहन की सही तारीख और मुहूर्त को लेकर भी लोगों में कन्फ्यूजन बना हुआ है। चंद्र ग्रहण और भद्रा काल के कारण कई लोग सही समय जानने के लिए पंचांग देख रहे हैं। ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार भद्रा रहित और प्रदोष काल वाली पूर्णिमा को होलिका दहन करना शुभ माना जाता है। अगर भद्रा आधी रात से पहले खत्म हो जाए तो उसके बाद दहन किया जा सकता है, लेकिन भद्रा मुख में होलिका दहन करना सही नहीं माना जाता, इसी वजह से तारीख को लेकर लोगों में असमंजस बना हुआ है।
पंचांग और अंग्रेजी तारीख का अंतर
काशी पंचांग के अनुसार पूर्णिमा तिथि दो मार्च शाम 05:18 बजे से शुरू होकर तीन मार्च शाम 04:33 बजे तक रहेगी, जबकि भद्रा दो मार्च शाम से तीन मार्च सुबह 04:56 बजे तक रहेगी। ऐसी स्थिति में होलिका दहन भद्रा समाप्त होने के बाद किया जा सकता है। लेकिन अंग्रेजी कैलेंडर के हिसाब से यह तिथि तीन मार्च में चली जाती है, जिससे लोगों में और भ्रम बढ़ गया है। यही कारण है कि छुट्टी को लेकर भी स्थिति साफ नहीं हो पा रही है और लोग अंतिम निर्णय का इंतजार कर रहे हैं।
मार्च 2026 की छुट्टियां
बेसिक शिक्षा परिषद कैलेंडर 2026 के अनुसार मार्च महीने में कुल पांच अवकाश घोषित हैं। दो मार्च को होलिका दहन, चार मार्च को होली, इक्कीस मार्च को ईद-उल-फितर, छब्बीस मार्च को राम नवमी और इकतीस मार्च को महावीर जयंती की छुट्टी रहेगी। बता दें कि तीन मार्च को कैलेंडर में अवकाश नहीं दिया गया है, लेकिन शिक्षक संगठनों की मांग के बाद अब सभी की नजर शिक्षा विभाग के फैसले पर है कि इस दिन स्कूल खुलेंगे या फिर छुट्टी घोषित की जाएगी।







