UP Shiksha Mitra Salary Big Update: उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को पढ़ा रहे 1.43 लाख से अधिक शिक्षामित्र के साथ-साथ अनुदेशकों और आंगनवाड़ी वर्कर्स के लिए बड़ी अपडेट है उत्तर प्रदेश यूपी विधान परिषद में सीएम योगी ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव रखते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि शिक्षा मित्र, अनुदेशक, आंगनवाड़ी वर्कर्स और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी की जाएगी। साथ ही निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन बढ़ाने की बात भी कही गई है। सरकार का कहना है कि लंबे समय से मानदेय नहीं बढ़ा था, जिसे अब सुधारा जाएगा और कई योजनाओं में राहत दी जाएगी। आईए जानते हैं कितना बढ़ सकता है मानदेय पूरी अपडेट।
सीएम योगी का मानदेय बढ़ाने का ऐलान
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में काम कर रहे शिक्षा मित्र, अनुदेशक, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इन कर्मचारियों ने लंबे समय से सेवा दी है और कई साल से उनके मानदेय में बदलाव नहीं हुआ था। वहीं निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन भी बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे उन्हें सीधी राहत मिलेगी। सरकार ने यह भी कहा कि सभी शिक्षकों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है और इसे एक अप्रैल से पूरी तरह लागू किया जाएगा।
कितने कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
प्रदेश में करीब 1.47 लाख शिक्षा मित्र और 28 हजार से ज्यादा अनुदेशक कार्यरत हैं। सरकार करीब नौ साल बाद इनके मानदेय में बढ़ोतरी करने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक शिक्षा मित्र और अनुदेशकों के मानदेय में लगभग दो हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है। बता दें कि पहले इनका मानदेय 3500 रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये महीना किया गया था, लेकिन उसके बाद से कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। वहीं सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों समय-समय पर शिक्षा मित्रों के मानदेय बढ़ाने की मांग उठाते रहे हैं, जिस पर अब सरकार ने कदम बढ़ाया है।
आशा आंगनवाडी कार्यकर्ताओं को भी राहत
प्रदेश में करीब 1.70 लाख आशा कार्यकर्ता काम कर रही हैं और हर एक हजार की आबादी पर एक आशा की नियुक्ति होती है। आशा कार्यकर्ताओं को गर्भवती महिलाओं को सरकारी अस्पताल तक ले जाने, प्रसव कराने और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रोत्साहन राशि दी जाती है। फिलहाल यह प्रोत्साहन राशि करीब 2500 से 3500 रुपये महीना तक होती है। सरकार ने संकेत दिया है कि इस राशि में भी बढ़ोतरी की जाएगी, जिससे आशा कार्यकर्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा और उनके काम को और मजबूती मिलेगी। इसके अतिरिक्त लागू की संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका प्री प्राइमरी स्कूलों में कार्य कर रही हैं सीएम योगी ने इन कार्यकर्ताओं के मानदेय बढ़ोतरी को लेकर भी ऐलान किया है।
पुरानी मांगों पर फिर चर्चा
बता दें कि भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनाव में शिक्षा मित्रों की समस्या का समाधान करने का वादा किया था। बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शिक्षा मित्रों का सहायक अध्यापक पद पर समायोजन रद्द हो गया था। उस समय सरकार ने उनका मानदेय बढ़ाकर राहत दी थी, लेकिन उसके बाद कोई नई बढ़ोतरी नहीं हुई। फिलहाल अब एक बार फिर मानदेय बढ़ाने का ऐलान हुआ है, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे शिक्षा मित्र, अनुदेशक और अन्य कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।







